गुरुवार, 20 मई 2010

हिंसा पीड़ित महिलाओं का फ्री इलाज

हिंसा पीड़ित महिलाओं का फ्री इलाज


हिसार- घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं का राज्य के सरकारी अस्पतालों में अब निशुल्क इलाज होगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस संबंध में राज्य के सभी सिविल सर्जनों को पत्र लिखा है।

घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं चोटिल होने पर राज्य के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप केंद्रों में जाती हैं तो स्वास्थ्य विभाग उनसे मेडिको लीगल रिपोर्ट काटने के पैसे वसूल करता है। उनसे भी अन्य मरीजों की तरह पैसे लिए जाते हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं के निशुल्क इलाज के लिए महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. नरवीर सिंह के साथ मंत्रणा की थी। स्वास्थ्य विभाग ने पीड़ित महिलाओं की दयनीय स्थिति को समझते हुए उनका निशुल्क उपचार करने की योजना को हरी झंडी दे दी।

राज्य के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. नरवीर सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को पत्र लिखकर इस आशय के आदेश दिए हैं। उधर महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी राज्य के सभी जिलों की संरक्षण अधिकारियों को पत्र लिखकर इस योजना की जानकारी दे दी है।

क्या कहती हैं अधिकारी
संरक्षण अधिकारी बबीता चौधरी ने पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका विभाग घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं के हकों की लड़ाई निशुल्क लड़ता है। महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में यह एक अच्छा कदम है।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर शशि दून ने उन्हें पत्र लिखा है। अब कोई भी घरेलू हिंसा पीड़ित महिला नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर मुफ्त इलाज करा सकेगा।
  Bhaskar News[IST](20/05/2010)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें